भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं खनिज बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह मोकलपुर का रविवार देर रात निधन हो गया। सोमवार को उनका अंतिम संस्कार हुआ। उनके निधन को भाजपा संगठन, सामाजिक एवं राजनीतिक जगत के लोगों ने अपूर्णीय क्षति बताया। कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, विधायक शैलेंद्र जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी सहित बड़ी संख्या में लोगों ने अंतिम यात्रा में शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित की। मंत्री राजपूत ने शोकाकुल परिजनों से भेंट कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा इस दुख की घड़ी में परिवार को संबल देने की प्रार्थना ईश्वर से की। राजपूत ने कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में सदैव सिद्धांतों और मूल्यों को प्राथमिकता दी। उनके निधन पर सोशल मीडिया के माध्यम से उपमुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया सहित अनेक लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। महापौर संगीता सुशील तिवारी ने भी मोकलपुर के निवास पर पहुंचकर शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। पूर्व गृहमंत्री खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह ने भी राजेन्द्र सिंह मोकलपुर के निधन पर शोक व्यक्त किया है। शोक संवेदना संदेश में उन्होंने कहा राजेन्द्र सिंह मोकलपुर का निधन अत्यंत पीड़ादायक है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकसंतप्त परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करें।


