भास्कर न्यूज | देवरबीजा चंद्रशेखर आजाद हायर सेकेंडरी स्कूल परपोड़ा में सहायक ग्रेड-2 महेंद्र वर्मा 2013 से पदस्थ हैं लेकिन अब तक एक भी साल स्कूल में सेवा नहीं दी। जनपद सदस्य नीरज सिंह राजपूत ने कलेक्टर को आवेदन देकर उन्हें मूल शाला में वापस भेजने की मांग की है। इसी स्कूल में अंग्रेजी विषय के व्याख्याता अनिल कुमार डाहले आत्मानंद स्कूल शुरू होने के बाद से देवकर में प्रभारी प्राचार्य के रूप में पदस्थ हैं। आवेदन में बताया कि परपोड़ा स्कूल में पिछले चार साल से अंग्रेजी की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। प्रभारी प्राचार्य दिनभर कार्यालयीन काम में व्यस्त रहते हैं। जिससे पढ़ाई नहीं हो पा रही। हर बार शाला विकास समिति की बैठक में बच्चे शिक्षक की मांग करते हैं। शिक्षक व लिपिक को मूल शाला में पदस्थापना की मांग को लेकर शाला प्रबंधन समिति और ग्राम पंचायत ने प्रस्ताव बनाकर कलेक्टर को भी सौंपा। लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई करने की मांग रखी। नीरज ने बताया कि 12 मई को कोदवा में हुए सुशासन तिहार शिविर में फिर से महेंद्र वर्मा और अनिल डाहले को मूल शाला में भेजने की मांग की। जिस पर कलेक्टर और विधायक ने जिला शिक्षा अधिकारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बावजूद अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया।


