भास्कर न्यूज | कवर्धा राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत छत्तीसगढ़ की स्कूली शिक्षा व्यवस्था को डिजिटल रूप से मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने विद्या समीक्षा केंद्र (वीएसके) को प्रदेश के सभी 33 जिलों में लागू कर दिया है। पहले इसे 7 जिलों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया था, जहां सकारात्मक परिणाम सामने आने के बाद अब इसे पूरे राज्य में विस्तार दिया गया है। वीएसके एक अत्याधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जो राज्य की शिक्षा व्यवस्था का कमांड सेंटर बनेगा। इसके माध्यम से शिक्षक, संकुल समन्वयक, हेडमास्टर, बीईओ और विद्यार्थियों से जुड़ी गतिविधियों की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। शिक्षक और विद्यार्थियों की उपस्थिति, नामांकन, सीखने के परिणाम, शिक्षक प्रशिक्षण और विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं की प्रगति का समूचा डेटा एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध रहेगा।डीईओ एफआर वर्मा ने बताया कि एप में काम करने के लिए पहले ही शिक्षकों को अवगत कराया जा चुका है। अब शासन से आदेशन आने के बाद अनिवार्य रुप से लागू किया जा रहा है। इसमें किसी प्रकार की परेशानी होगी, तो उसकी समीक्षा की जाएगी। जानिए, 100 मीटर दायरे में उपस्थिति दर्ज होगी वीएसके के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी शिक्षकों को गूगल प्ले स्टोर से सीजी वीएसके एप डाउनलोड करना अनिवार्य किया गया है। शिक्षकों की सुविधा के लिए विभाग ने एप डाउनलोड और उपयोग से संबंधित एक वीडियो भी जारी किया था। इसके जरिए शिक्षक स्कूल परिसर के 100 मीटर दायरे में रहते हुए मोबाइल एप से अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगे। यदि कोई शिक्षक अनुपस्थित रहता है या देर से आता है तो उसकी जानकारी तुरंत सिस्टम में अपडेट हो जाएगी और संबंधित को स्वतः अलर्ट भी भेजा जाएगा। मध्याह्न भोजन-बच्चो की उपस्थिति पर नजर इस एप के जरिए शिक्षा विभाग द्वारा जारी होने वाले विभागीय नोटिस, सर्वेक्षण और टाइम-टेबल में बदलाव की जानकारी भी सीधे शिक्षकों तक पहुंचेगी। इसके साथ ही मध्याह्न भोजन योजना और पाठ्यपुस्तकों की आपूर्ति की मॉनिटरिंग भी एप से की जाएगी। किस स्कूल को कितनी किताबें आवंटित की गईं और कितनी वास्तव में स्कूल तक पहुंचीं, इसका पूरा ब्योरा ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा। वीएसके में दर्ज होने वाले आंकड़ों का विश्लेषण बिग डेटा एनालिसिस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग तकनीक से किया जाएगा। शिक्षा व्यवस्था की कमजोर कड़ियां सामने आएंगी।


