झालावाड़ जिले के सारोला थाना क्षेत्र में एक शिक्षक पर इंटर्न महिला से छेड़छाड़ का आरोप लगा है। इस मामले में शिक्षा विभाग झालावाड़ ने आरोपी शिक्षक को एपीओ (अंडर प्रोबेशनरी ऑफिसर) कर झालावाड़ मुख्यालय भेज दिया है। विभाग ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए बीकानेर निदेशक को पत्र लिखा है। इसके साथ ही, मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी का गठन भी किया गया है, जो अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। सारोला पुलिस सब इंस्पेक्टर घनश्याम भील ने बताया कि परिवाद मिलने के बाद सोमवार को आरोपी शिक्षक को शांति भंग की धारा में गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार एक महिला सरकारी स्कूल में इंटर्नशिप कर रही थी। आरोपी शिक्षक देशराज मीणा ने शनिवार को लाइब्रेरी में उसके साथ छेड़छाड़ की थी। यह मामला अगले दिन सामने आने के बाद महिला के परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई थी।


