पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस पर 25 दिसंबर को शिक्षक संदर्भ समूह रायसेन जिले के बरेली कस्बा में शिक्षा महाकुंभ (अटल शिक्षा रत्न सम्मान समारोह) का आयोजन कर रहा है। इसमें अपने स्कूल को आनंद घर में रूपांतरित करने का संकल्प लेने वाले 1000 शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह होंगे और लोक स्वास्थ्य व चिकित्सा राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल अध्यक्षता करेंगे। शिक्षक संदर्भ समूह मध्य प्रदेश के प्रारंभिक स्तर पर कार्यरत शिक्षकों के रचनात्मक कार्यों और योगदान को प्रोत्साहित करता है। समूह के संस्थापक समन्वयक डॉ. दामोदर जैन ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने में समूह को राज्य कर्मचारी संघ का सहयोग प्राप्त हो रहा है। वे कहते हैं कि समूह के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से करने के लिए ऐसे शिक्षक संसाधन केंद्र की जरूरत है, जो शिक्षकों को वास्तविक सहयोग दे सके।


