भास्कर न्यूज | गढ़वा स्वास्थ्य व शिक्षा समिति के सभापति सह जिला परिषद के उपाध्यक्ष सत्यनारायण यादव की अध्यक्षता में समाहरणालय के सभाकक्ष में स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग में संचालित कार्यों की समीक्षा की गई। इन विभागों के अधिकारियों ने जिले में संचालित योजनाओं की जानकारी दी। जिसमें सुधार लाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर विचार विमर्श करते हुए महत्वपूर्ण निर्देश दिया गया। विभिन्न कार्यों की अद्यतन स्थिति से अवगत होते हुए स्वास्थ्य एवं शिक्षा समिति के सभापति और डीडीसी सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी पशुपतिनाथ मिश्रा ने सभापति व सभी जिला परिषद सदस्य को भी स्वास्थ्य एवं शिक्षा समिति संबंधी सभी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देने का निर्देश दिया। ताकि लोगों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके। वहीं स्वास्थ्य सेवाओं में बेहतर सुधार के लिए जिले के विभिन्न प्रखंडों में नियुक्त चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति जिला मुख्यालय से रद्द करते हुए पदस्थापित स्थल पर नियुक्त करने का निर्देश दिया गया। बैठक के दौरान सहिया की नियुक्ति में दस-दस हजार रुपये वसूली का मामला आया। जिसमें रंका प्रखंड के बीटीटी द्वारा बिना ग्राम सभा के ही सहियाओं की नियुक्ति में अवैध रूप से 10-10 हज़ार रुपए लेकर करने की शिकायत किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच करने का निर्णय लिया गया। साथ ही जिले के सभी निजी व अवैध रूप से संचालित नर्सिंग होम की सूची उपलब्ध कराने के लिए सिविल सर्जन जेएफ कैनेडी को निर्देशित किया गया। साथ ही जिन स्वास्थ्य केंद्रों में एंबुलेंस की व्यवस्था नहीं है, वहां एंबुलेंस उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। बैठक में उपस्थित विभिन्न जिला परिषद सदस्यों ने दूर दराज के इलाकों में अवस्थित विद्यालयों तक जर्जर सड़कों की मरम्मती करते हुए पहुंच पथ बनवाने की मांग की गई। साथ ही जिन विद्यालयों में बाउंड्री वॉल नहीं है वहां बाउंड्री वॉल बनाने की मांग की गई। जिला अंतर्गत विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत आयुष डॉक्टर को अगले बैठक में आवश्यक रूप से बुलाने के लिए सिविल सर्जन को निर्देशित किया गया। बैठक में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंकज कुमार गिरी आदि उपस्थित थे।


