भास्कर न्यूज |गढ़वा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश के आलोक में स्वामी विवेकानंद की जयंती के पर राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2026 के अंतर्गत जिला स्तर पर होने वाले युवा उत्सव 2026 की तैयारी को लेकर बुधवार को डीसी दिनेश यादव ने समाहरणालय सभागार में प्रेस वार्ता कर कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया गया कि आठ दिसंबर को निदेशक, खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड, रांची की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में युवा उत्सव 2026 के आयोजन को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि युवा उत्सव का आयोजन जिला स्तर, प्रमंडल स्तर एवं राज्य स्तर पर किया जाएगा। बैठक में युवा उत्सव के सुचारू एवं सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। कहा कि जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन 19 दिसंबर को सद्गुरु जगजीत सिंह नामधारी महाविद्यालय में किया जाएगा। वहीं प्रमंडल स्तरीय आयोजन 22 दिसंबर और राज्य स्तरीय युवा उत्सव 26 व 27 दिसंबर को प्रस्तावित है। जिला, प्रमंडल एवं राज्य स्तर पर आयोजन के लिए अलग-अलग आयोजन समितियों का गठन किया जाएगा। समितियों की देखरेख में कार्यक्रमों का सफल संचालन किया जाएगा। युवा उत्सव के अंतर्गत जिला, प्रमंडल एवं राज्य स्तर पर सामूहिक लोकनृत्य, सामूहिक लोकगीत, कविता लेखन, चित्रकला एवं भाषण जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी प्रमंडल स्तर पर, प्रमंडल स्तर के विजेता राज्य स्तर पर और राज्य स्तर के प्रथम स्थान प्राप्त प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित राष्ट्रीय युवा महोत्सव में भाग लेने के लिए चयनित होंगे। डीसी ने कहा कि युवा उत्सव 2026 युवाओं की रचनात्मकता, सांस्कृतिक प्रतिभा एवं नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करने का सशक्त मंच है और जिला प्रशासन इसके सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगा।


