खलारी थाना क्षेत्र के डकरा स्थित रैंबो क्लब मैदान के पास प्रेमी की गोली से घायल शिक्षिका पायल कुमारी का रिम्स में शनिवार को ऑपरेशन हुआ। डॉक्टरों की टीम ने गर्दन में फंसी गोली को बाहर निकाला। हालांकि अब भी पीड़ित शिक्षिका की स्थिति गंभीर बनी हुई है। पीड़ित पिता किशुन गोप ने पूरी घटना की जानकारी देते हुए आरोपी सुनील केवट के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस इस बात की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है कि सुनील को पिस्टल किसने दिया है। पुलिस ने सुनील केवट का पोस्टमार्टम कराकर उसके परिजनों को शव सौंप दिया। मालूम हो कि शुक्रवार की सुबह शिक्षिका पायल कुमारी को उसके प्रेमी सुनील केवट ने ही गोली मार दी थी, जिसके बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। प्रेमिका को गोली मारने के बाद सुनील ने खुद को गोली मार कर जान दे दी थी।


