हॉकी इंडिया के सेक्रेटरी जनरल भोला नाथ सिंह और डायरेक्टर जनरल कमांडर आरके श्रीवास्तव ने शनिवार को झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने हीरो मेन्स हॉकी इंडिया लीग 2026 के रांची में आयोजित पुरुष लीग के उद्घाटन मैच में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण दिया। पुरुष वर्ग के मुकाबले 11 जनवरी से 16 जनवरी 2026 तक रांची में खेले जाएंगे। इससे पहले महिला वर्ग की हॉकी इंडिया लीग के मुकाबले 28 दिसंबर से शुरू होकर 10 जनवरी को संपन्न होंगे। राज्यपाल ने आयोजन को लेकर शुभकामनाएं दीं और रांची में अंतरराष्ट्रीय स्तर की हॉकी प्रतियोगिता के आयोजन को गौरव का विषय बताया।


