गढ़वा | राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय बेलचंपा की सहायक अध्यापिका निभा कुमारी की निधन के बाद उनके आश्रितों को गढ़वा जिला सहायक अध्यापक संप्रति पारा शिक्षक संघ की ओर से 56,621 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। यह सहायता सभी सहायक अध्यापकों द्वारा आपसी चंदा के माध्यम से एकत्रित की गई थी। इस अवसर पर संघ के प्रतिनिधि विद्यालय पहुंचे और मृत शिक्षिका को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही उनके बच्चों को भविष्य में भी हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। साथ ही सरकार से मृत शिक्षिका की आश्रित को अनुकंपा पर नौकरी देने एवं आर्थिक सहयोग की मांग की गई। संघ की ओर से कहा गया कि पारा शिक्षक अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय राज्य की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने में समर्पित करते हैं, लेकिन दुर्भाग्यवश असमय मृत्यु की स्थिति में सरकार की ओर से कोई आर्थिक सहयोग नहीं मिलता, जो अत्यंत दुखद और संवेदनहीनता का परिचायक है। ऐसे समय में संघ आपसी सहयोग से मृतक शिक्षकों के परिवार को राहत पहुंचाने का प्रयास करता है। उल्लेखनीय है कि शिक्षिका निभा कुमारी का निधन 12 अप्रैल 2025 को कैंसर के कारण हो गया था। आर्थिक सहयोग प्रदान करने वालों में संघ के जिला अध्यक्ष सूर्यदेव तिवारी, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष रेशमा खातून, प्रदीप सिंह, अनिल सिंह, अंबिका चौधरी, रेणुका कुमारी, अंजनी कुमार, किशोर सिंह, सुमेर राम, अमानुल्लाह खान, राजकुमार मेहता, संगीता कुमारी, याहिया खान, प्रखंड अध्यक्ष अखिलेश कुशवाहा, राकेश कुमार, श्याम कुमार, अमृता रवि, विजेता, प्रतीक रंजन, नीरज मिश्रा सहित कई अन्य शिक्षक शामिल थे।


