सरायकेला | जगन्नाथपुर पंचायत के शिवनारायणपुर टोला गायत्री नगर दो में भारी बारिश के कारण जलजमाव होने से ग्रामीणों का आवागमन बाधित हो गया है। सूचना पर बीडीओ अभय कुमार द्विवेदी ने शिवनारायणपुर पहुंचकर जलजमाव का जायजा लिया। पूर्व पार्षद सिद्धनाथ सिंह एवं अन्य लोगों ने बीडीओ को जलजमाव की समस्या से अवगत कराया। उन्हें बताया गया कि नाली निर्माण नहीं होने के कारण जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो रही है। बीडीओ द्विवेदी ने तत्काल नगर निगम प्रशासन से बात कर जेसीबी मंगवा कर कच्चा नाला काटकर जल निकासी कराई। साथ ही, बीडीओ ने ग्रामीणों को जल्द ह्यूम पाइप नाला निर्माण कराने का आश्वासन दिया। मौके पर प्रभारी मुखिया रिंटू देवी, पंसस अमरेश ईश्वर, मनीष कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।


