शिवपुरी के थीम रोड पर सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पर बैठी गायों को टक्कर मार दी, जिससे चार गायों की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना उदय विलास होटल के पास हुई। गौसेवकों की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। 5 अक्टूबर की घटना
गौसेवक आकाश तिवारी उर्फ अभिराम दास महाराज और अन्य गौ रक्षक मंगलवार को कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि यह घटना 5 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे हुई। एक ब्रीजा कार (एमपी 33 सी 7241) ने लापरवाही से चलाते हुए गायों को कुचल दिया। हादसे के बाद वाहन चालक और मालिक मौके से फरार हो गए। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके आधार पर गौ रक्षकों को इस बारे में जानकारी मिली। हिंदू संगठनों के विरोध के बाद एफआईआर सूचना मिलते ही गौ रक्षक संघ के सदस्य मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक मृत गायों को हटा दिया गया था और दुर्घटनाग्रस्त वाहन भी गायब कर दिया गया था। आकाश तिवारी ने वाहन चालक और मालिक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। आवेदन की जांच के बाद कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 325 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


