शिवपुरी में बैटरी ट्राइसाइकिल की मांग को लेकर जनसुनवाई में हंगामा करने वाले दिव्यांग अशफाक खान को आखिरकार राहत मिल गई है। कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार के हस्तक्षेप के बाद मंगलवार को उन्हें बैटरी चालित ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई गई। यह मामला पहले प्रशासनिक उदासीनता के कारण चर्चा में आया था। दोनों पैरों से दिव्यांग अशफाक खान पिछले दो वर्षों से बैटरी वाली ट्राइसाइकिल के लिए जनसुनवाई और सामाजिक न्याय विभाग सहित विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगा रहे थे। जनसुनवाई के दौरान उन्होंने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए थे और तत्काल ट्राइसाइकिल की मांग की थी। उस समय सामाजिक न्याय विभाग ने उनका आवेदन स्वीकृत होने और अक्टूबर 2026 तक ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने की बात कही थी। अशफाक की यह मांग अब पूरी हो गई है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार ने वीडियो कॉल के माध्यम से अशफाक से बात की, उन्हें शुभकामनाएं दीं और भविष्य में भी मदद का आश्वासन दिया। ट्राइसाइकिल मिलने के बाद अशफाक ने उमंग सिंगार का आभार व्यक्त किया और उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं। जानकारी के अनुसार, यह बैटरी चालित ट्राइसाइकिल सतीश सिकरवार द्वारा ग्वालियर से भेजी गई थी। कांग्रेस नेता एवं पूर्व युवक कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धार्थ चौहान और वर्तमान युवक कांग्रेस अध्यक्ष सत्यम चौहान इसे शिवपुरी लेकर पहुंचे। इसके बाद अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ उन्होंने अशफाक के घर जाकर उन्हें ट्राइसाइकिल सौंपी। अशफाक ने मौके पर ही बैटरी चालित ट्राइसाइकिल चलाकर देखी और बताया कि इससे उनकी आवाजाही अब आसान हो जाएगी। उमंग सिंगार ने जल्द ही शिवपुरी आकर अशफाक से व्यक्तिगत रूप से मिलने का आश्वासन भी दिया है।


