शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा से भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी के कथित अपमानजनक बयान के खिलाफ गुरुवार को शहर में जोरदार प्रदर्शन हुआ। कांग्रेस नेता फूल सिंह बरैया और के.पी. सिंह कक्का जू के खिलाफ विधायक द्वारा की गई टिप्पणी से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं, अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समाज के लोगों ने माधव चौक से रैली निकाली। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय पहुंचकर नारेबाजी की और विधायक के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। विरोध प्रदर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहले माधव चौक पर एकत्र हुए। यहां से उन्होंने एक रैली निकाली और भाजपा व विधायक प्रीतम सिंह लोधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर विधायक के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने और प्रकरण दर्ज करने की मांग की। आरोप- सत्ता के नशे में की टिप्पणी, समाज आहत ज्ञापन सौंपने आए लोगों ने स्पष्ट किया कि फूल सिंह बरैया ने महिलाओं के साथ हो रहे अन्याय और अत्याचार के विरोध में अपनी बात कही थी, जिसे तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया। उनका आरोप है कि विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने सत्ता के नशे में टिप्पणी की है। इससे अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। कार्रवाई नहीं हुई तो करेंगे बड़ा आंदोलन प्रदर्शन के दौरान दयालु जाटव ने चेतावनी देते हुए कहा कि “महिलाओं के सम्मान और सामाजिक सौहार्द पर ऐसी अभद्र भाषा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” उन्होंने विधायक के बयान को ‘घटिया मानसिकता’ का परिचायक बताया और कहा कि इससे समाज के कमजोर वर्गों में भारी आक्रोश है। जाटव ने कहा कि यदि विधायक के खिलाफ जल्द कठोर कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। ये रहे मौजूद प्रदर्शन में कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष विजय सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और दोनों नेताओं के समर्थक शामिल हुए।


