संभाग के एमबीएस हॉस्पिटल में मरीजों को अब और राहत मिलेगी। उन्हें दो अलग-अलग भवनों के चक्कर काटने की परेशानी से राहत मिलेगी। एक ही जगह ओपीडी और इमरजेंसी की सुविधा अब उन्हें मिलेगी। ढाई साल से ज्यादा का समय नई बिल्डिंग को बने हो चुका था, इसमें ओपीडी तो संचालित हो रही थी, लेकिन इमरजेंसी, ओटी और मरीजों को भर्ती करने की व्यवस्था पुरानी बिल्डिंग में थी। अब इमरजेंसी, सीपीआर, इंजेक्शन रूम, माइनर ओटी, सोनोग्राफी समेत सभी सुविधाओं को नई बिल्डिंग में शुरू कर दिया गया है। जिसके बाद अब मरीज और उनके तीमारदारों को अलग अलग भवनों में दौड़ने की जरूरत नहीं रहेगी। न ही इमरजेंसी में जाने के लिए भटकना पडे़गा। अभी ओपीडी के बाद दोपहर बाद इमरजेंसी सुविधा पुरानी बिल्डिंग में ही चल रही थी। जिसके चलते कई बार मरीजों को परेशान होना पड़ता था। गुरूवार को नई बिल्डिंग में सभी सुविधाओं की शुरूआत कर दी गई है। इस दौरान मेडिकल कॉलेज प्रिसिंपल संगीता सक्सेना व डॉक्टर्स मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि दोहरी व्यवस्था के कारण मरीजों को नई और पुरानी बिल्डिंग के बीच बार-बार चक्कर लगाने पड़ते थे।इमरजेंसी कक्ष के नई बिल्डिंग में शिफ्ट होने से जांच, प्राथमिक उपचार और त्वरित चिकित्सा सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेगी। ऑक्सीजन सप्लाई भी नई बिल्डिंग में शुरू कर दी गई है। इमरजेंसी, सोनोग्राफी, माइनर ओटी की सुविधा ग्राउंड फ्लोर पर ही मिल सकेगी।


