गाड़ाडीह| नए साल के प्रथम दिन साजा विधायक ईश्वर साहू के जन्मदिन पर रक्तदान शिविर लगाया। भटगांव के युवा मोर्चा महामंत्री नीलू साहू ने 29वीं बार रक्तदान किया। नीलू साहू ने कहा कि रक्तदान करने से उन्हें आत्मिक संतोष और खुशी मिलती है। आधुनिक विज्ञान के युग में भी रक्त का कृत्रिम निर्माण संभव नहीं है। रक्त केवल दान के माध्यम से ही उपलब्ध हो सकता है। हमारे शरीर में बहता रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान बन सकता है। चिकित्सकों के अनुसार रक्तदान के लिए उम्र 18 वर्ष से अधिक, वजन 50 किलोग्राम से अधिक होना चाहिए। दाता किसी गंभीर बीमारी से ग्रसित नहीं होना चाहिए। नियमित रक्तदान से हृदयाघात का खतरा कम होता है, नया रक्त बनता है और बेसिक स्वास्थ्य जांच भी स्वतः हो जाती है।


