भास्कर न्यूज | अमृतसर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच नगर निगम मेयर शिप को लेकर जारी द्वंद्व और नगर की बिगड़ी सफाई व्यवस्था के बीच निगम की सफाई यूनियनों ने बनने वाले हाउस के समक्ष मांग रखी है कि निजी कंपनी को करोड़ों देने की बजाय विभाग की कमियों को दूर किया जाए। यूनियन नेताओं का कहना है कि जितना विभाग कंपनी को हर महीने देता है उसके दो महीने के खर्च से ही सारी मशीनरी दुरुस्त हो जाएगी। इसके साथ ही सफाई सेवकों की भर्ती करके सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकता है। निगम दफ्तर में शुक्रवार को सफाई मजदूर फेडरेशन पंजाब की बैठक प्रांतीय प्रधान विनोद कुमार बिट्टी, उप प्रधान सुरिंदर टोना, सरपरस्त केवल कुमार आदि की अगुवाई में हुई। उक्त नेताओं का कहना है कि साल 2014 से विभाग नगर की सफाई के लिए लगातार प्राइवेट कंपनियों को जिम्मा सौंप रहा है और इस पर हर महीने करोड़ों खर्चे जा रहे हैं लेकिन स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। उक्त का कहना है कि आज शहर की जो हालत है वह किसी से छुपी नहीं है। इन लोगों ने कहा कि निगम का अपना विभाग पहले से काम कर रहा है लेकिन उसके पास मशीनरी की कमी है और जो कुछ मौजूद है उसकी हालत ठीक नहीं है। साथ ही सफाई सेवक भी लगातार कम होते जा रहे हैं। उक्त ने नए हाउस और आगामी मेयर से मांग की है कि निजी कंपनियों की बजाय विभाग को मशीनरी मुहैया करवाई जाए और समुचित स्टाफ की भर्ती की जाए। इसके बाद शहर की सफाई व्यवस्था को कायम रखना उन सबकी जिम्मेदारी है। सफाई मजदूर यूनियन के प्रांतीय महासचिव और निगम ऑटो वर्कशाप के प्रधान आशु नाहर, महासचिव राज कल्याण, कुलदीप सिंह, नीशू आदि ने कहा कि जब से सफाई की व्यवस्था निजी हाथों में गई है तब से स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। उक्त के मुताबिक कंपनी जहां विभाग से पैसे ले रही है वहीं घर-घर से कलैक्शन के साथ व्यापारिक संस्थानों से भी कंजर्वेशन टैक्स भी ले रही है लेकिन काम के नाम पर वह नहीं हो रहा है, जो होना चाहिए। आशू ने बताया कि इस वक्त निगम के पास 1400 के करीब मुलाजिम हैं और शहर 5 गुना से अधिक बढ़ गया है। वहीं मशीनरी की बात करें तो वह काम के हिसाब से 50 फीसदी कम हैं। यूनियन नेताओं ने कहा कि अमृतसर गुरुओं की नगरी है और यहां पर रोज लाखों लोग आते हैं। ऐसे में सफाई प्रबंध बेहतर होना चाहिए और यह तभी संभव होगा जब विभाग को समुचित मशीनरी और स्टाफ मुहैया करवाया जाए। फिलहाल अब नए हाउस के समक्ष इस मुद्दे को उठाया जाएगा। जालंधर| शिव दुर्गा खाटू श्याम मंदिर कमल विहार बस्ती पीरदाद में धार्मिक आयोजन करवाया गया। कार्यक्रम में मंदिर के पुजारी गौतम भार्गव ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भक्तों से पूजा करवाई। पूजन के बाद भक्तों ने दरबार में माथा टेककर अपने परिवार की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। मंदिर परिसर में श्री खाटू श्याम बाबा जी का भव्य रंग-बिंरगे फूलों से हार-शृंगार किया गया। भक्तों ने प्रभु के दर्शन के बाद श्याम बाबा की महिमा का गुणगान कर भक्तिमय माहौल बनाया। इस मौके पर पंडित गौतम भार्गव ने कहा कि माता-पिता से बढ़कर कोई दर्जा नहीं है। भगवान अगर कहीं हैं तो घर में बैठे आपके मां-बाप हैं। उनकी सेवा करने मात्र से ही परमात्मा खुश हो जाते हैं। उन्होंने कहा िक जैसे लकड़ी में आग दिखाई नहीं देती, दूध में मक्खन दिखाई नहीं देता, वैसे ही कण-कण में समाया परमात्मा भी दिखाई नहीं पड़ता। कार्यक्रम के अंत में भक्तों ने भोग लगाकर व भव्य आरती के दर्शन किए।


