अलवर के शिशु अस्पताल में इलाज कराने आए व्यक्ति की लाइन में खड़े-खड़े जेब से पर्स चोरी हो गया। पीड़ित ने बताया कि पर्स में करीब 7 हजार रुपये, एटीएम कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य ज़रूरी दस्तावेज थे। घटना अस्पताल परिसर में लगे CCTV कैमरे में साफ कैद हो गई है। पीड़ित साहुन खान, निवासी घासोली, ने बताया कि वह अपने 9 वर्षीय बेटे सरफराज, जिसका जयपुर में हृदय रोग का इलाज चल रहा है, को सुबह करीब 11 बजे इंजेक्शन लगवाने शिशु अस्पताल लेकर आए थे। पर्ची कटवाने के बाद वह इंजेक्शन की लाइन में खड़े थे तभी दो युवक, जिनमें एक सफेद शर्ट पहने हुए था, उनके बिल्कुल नजदीक आकर खड़े हो गए। साहुन खान ने बताया कि इंजेक्शन लगने के बाद जब उन्होंने जेब पर हाथ रखा तो पर्स गायब मिला। उन्होंने तुरंत अस्पताल स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों को सूचना दी। इसके बाद एक डॉक्टर ने CCTV फुटेज दिखाया, जिसमें सफेद शर्ट पहने युवक को साहुन खान की जेब से पर्स निकालकर भागते हुए स्पष्ट देखा गया। घटना के बाद पीड़ित ने अस्पताल चौकी में शिकायत दी, जहां से उन्हें कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कहा गया है। पर्स में रखे आवश्यक दस्तावेजों के खो जाने से पीड़ित परेशान है।


