भास्कर न्यूज | बाड़मेर बाड़मेर जिले में अब सर्दी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। अब दिन में भी शीत लहर चल रही है। अब सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहता है। वहीं रात में भी हल्की धुंध का असर है। दिन में ठंडी हवा चलने से अब सर्दी का असर का तेज हो गया है। लोग दिन में भी ऊनी और गर्म कपड़े पहने हुए गुजर रहे हैं। गुरुवार को बाड़मेर का अधिकतम पारा 29.6 और न्यूनतम 14.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिसंबर की शुरूआत के साथ ही बाड़मेर में कड़ाके की सर्दी का दौर शुरू हो गया है। शीत लहर की वजह से लोग ठिठुर रहे हैं। अगले कुछ दिनों तक सर्दी से राहत की संभावना नहीं है। इस माह सर्दी रिकॉर्ड तोड़ सकती है। दिसंबर के अंतिम सप्ताह में न्यूनतम पारा 6-7 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। देश में एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तरी भारत में भारी बर्फबारी हो सकती है। इस बर्फबारी के कारण सप्ताह के अंतिम दिनों में पश्चिमी राजस्थान की ओर तेज उत्तरी हवाएं बढ़ेंगी। इससे दिन और रात का तापमान गिरेगा। अगले कुछ दिनों में न्यूनतम पारे में 2-3 डिग्री तक गिरावट आएगी। शीत लहर थमने की संभावना नहीं है। दिसंबर के अंतिम सप्ताह में सर्दी का पीक दौर रहेगा। राधेश्याम शर्मा, मौसम वैज्ञानिक, जयपुर


