शीर्ष अदालत ने हाईकोर्ट के सीबीआई जांच के आदेश को सही माना : मरांडी

पॉलिटिकल िरपोर्टर| रांची प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने साहिबगंज में अवैध पत्थर उत्खनन मामले में सीबीआई जांच को जारी रखने के सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि साहिबगंज में करीब 1500 करोड़ रुपए से भी ज्यादा के अवैध पत्थर खनन मामले में सीबीआई जांच का राज्य सरकार द्वारा विरोध किया गया था। इसके बावजूद उच्चतम न्यायालय ने सीबीआई जांच को जारी रखने का निर्देश दिया। साथ ही सरकार द्वारा अपराधियों को संरक्षण देने की प्रवृत्ति पर कड़ी आपत्ति भी दर्ज की है। मरांडी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने हाइकोर्ट रांची द्वारा दिए गए सीबीआई जांच के आदेश को सही माना और इसके विरुद्ध राज्य सराकर द्वारा दायर एसएलपी को खारिज कर दिया। न्यायालय का यह निर्णय भ्रष्टाचारी सरकार के ताबूत में आखिरी कील साबित होगा। पॉलिटिकल रिपोर्टर| रांची प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने साहिबगंज में अवैध पत्थर उत्खनन मामले में उच्चतम न्यायालय के निर्णय पर बाबूलाल मरांडी की ओर से दिए गए बयान को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया है। कहा कि मरांडी और भाजपा को न्यायालय के फैसलों का सम्मान करना चाहिए, न कि अपनी तुच्छ राजनीतिक रोटियां सेंकने का माध्यम बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय का फैसला सर्वोपरि है और राज्य सरकार ने हमेशा न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान किया है। सरकार ने अपनी अपील में कुछ कानूनी और प्रक्रियागत पहलुओं को सामने रखा था, लेकिन न्यायालय ने अपना निर्णय दिया है, जिसका हम स्वागत करते हैं। राज्य सरकार को किसी भी जांच से कोई भय नहीं है। अगर कोई भी व्यक्ति,दोषी पाया जाता है, तो कानून अपना काम करेगा। शाहदेव ने कहा कि बाबूलाल मरांडी का यह बयान कि अदालत का यह फैसला सरकार के ताबूत में आखिरी कील साबित होगा, उनकी हताशा को दर्शाता है। शराब घोटाला में फिर से किसी नए अधिकारी की बलि देने की तैयारी नेता प्रतिपक्ष ने झारखंड में हुए शराब घोटाले पर राज्य सरकार पर निशाना साधा। कहा कि अब एक बार फिर से किसी सरकारी अधिकारी की बलि देकर खुद को बचाने की मुख्यमंत्री द्वारा योजना बनाई जा रही है। लेकिन जिस तरह इनके घोटालों की संख्या बढ़ रही है, सरकारी अधिकारियों की गिनती इनके सामने कम पड़ जाएगी। शराब घोटाले में पहले 38 करोड़, फिर 70 करोड़ और अब 136 करोड़ का नुकसान सामने आया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *