शीशे तोड़ने का असफल संघर्ष‎:पुल की रेलिंग तोड़कर नहर के पानी में गिरी कार, तीन की मौत

इटारसी-पथरौटा मार्ग पर शुक्रवार रात तेज रफ्तार कार पुल की रेलिंग तोड़कर पथरौटा की बड़ी नहर में जा गिरी, जिसमें लकी पटेल (30) रैसलपुर, शिवम तिवारी (26) छीरपानी और अभय चौहान (19) इटारसी की मौके पर मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक कार के अंदर फंसे रहे और शीशे तोड़ने की कोशिश करते रहे। सूचना पर पुलिस व नर्मदापुरम से एसडीआरएफ टीम पहुंची। प्लाटून कमांडर अमृता दीक्षित ने बताया कि कार पानी में लॉक हो गई थी। करीब ढाई घंटे बाद क्रेन से कार बाहर निकाली गई। तीनों परिवारों में मातम पसरा है। लकी साईनाथ इलेक्ट्रिशियन सर्विस चलाता था, शिवम किसान संघ पदाधिकारी का बेटा था, जबकि अभय फैक्ट्री कर्मचारी का पुत्र था। हादसे के बाद जर्जर पुल और कमजोर रेलिंग को लेकर लोगों ने प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। 48 साल पुराना पुल, सुरक्षा इंतजाम नहीं
पथरौटा मार्ग का पुल 1978 में बना था। सीमेंट रेलिंग टूटने के बाद केवल पतले लोहे के पाइप लगाए गए, जो हाथ लगाने से हिलते हैं। ढाल और मोड़ पर सुरक्षा दीवार नहीं है। जनवरी 2026 में भी यहां ऑटो हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। कार पानी में गिर जाए ये करें कार के पानी में गिरते ही संभलने के महज 30 से 60 सेकंड होते हैं। ऐसे में पानी के दबाव से दरवाजे नहीं खुलते। तुरंत शीशे नीचे कर दें। यदि शीशा न खुले, तो सीट के हेड रेस्ट को निकालकर लोहे की रॉड से खिड़की का कांच व सामने का कांच तोड़ें। खिड़की से निकलें।
-अमृता दीक्षित , प्लाटून कमांडर एसडीआरएफ हादसे की मामले की जांच चल रही है। पीएम रिपोर्ट में पता चल पाएगा कि युवकों में किसी ने शराब तो नहीं पी थी। हालांकि कार से एक शराब की खाली बोतल मिली है। – संजीव पवार, थाना प्रभारी पथरौटा

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *