शुभलक्ष्मी योजना की तीसरी किस्त के लिए आवेदन शुरू:आशा-एएनएम के माध्यम से करना होगा अप्लाई, डॉक्यूमेंट जमा कराने की लास्ट डेट 15 दिसंबर

शुभलक्ष्मी योजना की तीसरी किस्त के भुगतान के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। लाभार्थी आशा-एएनएम के माध्यम से इसके लिए अप्लाई कर सकते हैं। डॉक्यूमेंट जमा कराने की लास्ट डेट 15 दिसंबर है। योजना बालिका जन्म को प्रोत्साहित करने और कन्या भ्रूण हत्या पर रोक लगाने के उद्देश्य से 1 अप्रैल 2013 को लागू की गई थी और 31 मई 2016 तक संचालित रही। जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रभु लोधा ने बताया कि 1 अप्रैल 2013 से 31 मई 2016 के बीच राज्य के सरकारी या मान्यता प्राप्त निजी चिकित्सा संस्थानों में जन्मी बालिकाएं इस किस्त के लिए पात्र होंगी। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों को योजना की पहली और दूसरी किस्त (प्रत्येक 2100 रुपए) पहले ही प्राप्त हो चुकी होनी चाहिए। राजकीय स्कूल में प्रवेश पर मिलेगी तीसरी किस्त तीसरी किस्त 3100 रुपए निर्धारित की गई है, जो बालिका के राजकीय स्कूल में प्रवेश के बाद जारी की जाएगी। ऐसे माता-पिता या परिजन जिनकी बालिकाएं पात्र श्रेणी में आती हैं, वे अपने निकटतम आशा सहयोगी, एएनएम, स्वास्थ्य कार्यकर्ता या सरकारी चिकित्सालय के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। 10 दिन में जमा करना होंगे दस्तावेज आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज 15 दिसंबर तक जमा करने अनिवार्य हैं। प्रभु लोधा ने स्पष्ट किया लास्ट डेट निकलने के बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ दिशा में प्रभावी कदम सीएमएचओ डॉ. साजिद खान ने कहा कि शुभलक्ष्मी योजना, राजस्थान सरकार की बालिका सशक्तिकरण और शिक्षा को बढ़ावा देने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि यह योजना राज्य में बालिका लिंगानुपात सुधारने और समाज में बेटियों की सम्मानजनक स्थिति मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *