नर्मदापुरम के सर्किट हाउस चौराहे के पास स्थित वेल्यू वैरायटी (V2) शोरूम अपने शुभारंभ के दूसरे दिन ही विवादों में आ गया। सोमवार शाम को नगर पालिका के अतिक्रमण दल ने शोरूम के बाहर अवैध पार्किंग से हो रही जाम की स्थिति को देखते हुए कार्रवाई की। अतिक्रमण दल प्रभारी सुनील राजपूत ने बताया कि शोरूम के बाहर वाहनों की अवैध पार्किंग से यातायात बाधित हो रहा था, जिसके चलते भवन मालिक अंकित अग्रवाल को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में भवन स्वामी को दो दिनों के भीतर शोरूम के लिए उचित पार्किंग व्यवस्था करने और भवन निर्माण से संबंधित सभी दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। नोटिस में लिखा है कि यदि समय सीमा में दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए या पार्किंग की व्यवस्था नहीं की गई, तो उचित कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय निवासियों की थीं शिकायतें
शोरूम में आने वाले ग्राहक सड़क पर और आसपास के आवासों के सामने वाहन पार्क कर रहे हैं, जिससे स्थानीय निवासियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। निवासियों ने शिकायत की है कि वाहनों के शोरगुल से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और उनकी दैनिक दिनचर्या में भी बाधा हो रही है। नर्मदापुरम में सतरास्ते से रेलवे स्टेशन रोड तक अवैध पार्किंग की समस्या आम है। सड़क के दोनों ओर अवैध पार्किंग और दुकानों का सामान फुटपाथ तक होने से यातायात बाधित हो रहा है। कई बार जाम की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है। मुख्य नगरपालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई के आदेश दिए हैं। अतिक्रमण दल प्रभारी सुनील राजपूत ने बताया कि क्षेत्रों में पार्किंग व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जल्द ही और कदम उठाए जाएंगे।


