शूटिंग 10 मीटर ओपन साइट में श्रेया ने गोल्ड नेहा ने सिल्वर व शिवाप्रिय ने कांस्य पदक जीता

भास्कर न्यूज | जालंधर शनिवार को एलपीयू में आयोजित 54वीं केंद्रीय विद्यालय संगठन की राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता बालिका वर्ग का समापन हुआ। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश भर के विभिन्न केंद्रीय विद्यालयों के 25 संभागों से निशानेबाजी, वॉलीबॉल, खो-खो और हैंडबॉल के अंडर-14, 17 और 19 बालिका वर्ग के 1507 खिलाड़ियों ने भाग लिया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पद्मश्री व मिस्टर यूनिवर्स 1988 प्रेमचंद डोगरा ने शिरकत की। प्रीति सक्सेना उपायुक्त केंद्रीय विद्यालय संगठन चंडीगढ़ संभाग, विजय कुमार मिस्टर इंडिया और हरविंदर सिंह मिस्टर इंडिया भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा द्वीप प्रज्ज्वलन तथा प्रीति सक्सेना उपायुक्त चंडीगढ़ संभाग के स्वागत भाषण से हुआ। प्रेमचंद डोगरा ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि खेल भावना के साथ राष्ट्रीयता की भावना बहुत जरूरी है। जीवन में किसी चुनौती से न डरें, प्रत्येक चुनौती का सामना कठिन परिश्रम से करें। विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। जिसमें पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय सूरानुस्सी की छात्रों द्वारा प्रस्तुत लोकनृत्य गिद्दा मुख्य आकर्षण रहा। सहायक आयुक्त पीसी तिवाड़ी और डॉ. सौरभ लखनपाल डीन छात्र कल्याण विभाग एलपीयू ने निशानेबाजी, वॉलीबाल, खो-खो और हैंडबॉल के अंडर-14,17 और 19 बालिका वर्ग की विभिन्न खेल श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पदक, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। वॉलीबाल अंडर-14 फाइनल मुकाबले में बेंगलुरु ने चेन्नई, अंडर -17 वर्ग के फाइनल में एर्नाकुलम ने बेंगलुरु को परास्त कर प्रथम स्थान पर रहे। हैंडबॉल अंडर-14 और 17 के फाइनल में जयपुर ने हैदराबाद को तथा पटना ने जयपुर को हराकर राष्ट्रीय विजेता बने। खो-खो अंडर 14 और 17 के फाइनल मुकाबलों की में खिलाड़ी अपना सर्वस्व झोंकते नजर आए, अंडर-14 और 17 दोनों वर्ग में बेंगलुरु संभाग की टीम कोलकाता और लखनऊ को परास्त कर 54 वीं केंद्रीय विद्यालय संगठन राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता के विजेता बने। शूटिंग अंडर-14, 17 और 19 के 10 मीटर ओपन साइट स्पर्धा में क्रमशः श्रेया देवांगना (रायपुर संभाग), नेहा मांडवी (रायपुर संभाग) और शिवाप्रिय बी. (चेन्नई संभाग)। 10 मीटर पीप साइट स्पर्धा में क्रमशः अश्वनी चौहान (भोपाल संभाग), हिमानी सिंह (जयपुर संभाग) और लावण्या रावत (सिलचर संभाग) ने जीत हासिल की। 10 मीटर एयर पिस्टल में क्रमशः राघवी गुर्जर (भोपाल संभाग), विधि शर्मा (जयपुर संभाग) और रमन राना (आगरा संभाग) स्वर्ण पदक विजेता रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *