खरगोन पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 86 लाख रुपए की धोखाधड़ी के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने लोगों को 20 प्रतिशत तक लाभ का झांसा देकर अपने खातों में रकम जमा करवाई थी। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी शिक्षक संजय सोलंकी के माध्यम से लगभग 120 लोग इस धोखाधड़ी से जुड़े थे। इन लोगों के करीब 7 करोड़ रुपए आरोपी गुलाम मोईनुद्दीन के बैंक खातों में जमा कराए गए थे। खरगोन थाना कोतवाली में खरगोन निवासी कुछ लोगों ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में संजय सोलंकी निवासी कुम्हारखेड़ा, थाना गोगांव का नाम था। आरोप था कि सोलंकी ने शेयर मार्केट और ट्रेडिंग में निवेश पर 15 से 20 प्रतिशत तक मुनाफा दिलाने का लालच दिया। यह राशि उसके साथी गुलाम मोईनुद्दीन, पिता एमडी माविया, निवासी रायगढ़, महाराष्ट्र के बैंक खातों में वर्ष 2023 से दिसंबर 2024 तक जमा कराई गई थी। पुलिस ने इस मामले में धारा 420 और 409 के तहत केस दर्ज किया है।जांच में पता चला कि शुरुआत में निवेशकों को आंशिक मुनाफा दिया गया, लेकिन बाद में न तो मुनाफा मिला और न ही मूलधन वापस किया गया। जब निवेशकों ने लगातार संपर्क किया, तो दोनों आरोपी उन्हें आश्वासन देकर टालमटोल करते रहे।कोतवाली थाना प्रभारी बीएल मंडलोई ने बताया कि मुख्य आरोपी गुलाम मोईनुद्दीन इंदौर जेल में बंद था। कोर्ट के आदेश पर उसकी औपचारिक गिरफ्तारी की गई है। दूसरे आरोपी संजय सोलंकी, पिता बदामसिंह, निवासी कुम्हारखेड़ा को उसके गांव से गिरफ्तार किया गया। संजय शासकीय माध्यमिक शाला पिपरखेड़ा में शिक्षक है। उसे गिरफ्तार कर कोर्ट से पुलिस रिमांड पर लिया गया है। एसडीओपी रोहित लखारे के अनुसार, आरोपियों के बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर इस मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


