कोटकासिम-किशनगढ़बास सड़क मार्ग पर जाटका चौराहे के पास रविवार रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान तिजारा थाना क्षेत्र के गांव गहनकर निवासी फूलसिंह गुर्जर (35) पुत्र रामजीलाल गुर्जर के रूप में हुई है। फूलसिंह रविवार रात करीब 8 बजे किशनगढ़बास से अपने गांव गहनकर जा रहे थे। जाटका चौराहे के पास तेज गति से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि फूलसिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों ने घायल युवक को निजी साधनों से किशनगढ़बास के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद फूलसिंह को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे। मृतक के परिजन बनेसिंह गुर्जर ने बताया कि फूलसिंह अपने परिवार के मुख्य सदस्य थे। पुलिस ने मृतक के शव को किशनगढ़बास सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया है। सोमवार सुबह मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।


