शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार व व्यवस्था होगी सुदृढ़:राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में चार दिवसीय पीटीएम शुरू

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के तत्वावधान में वर्ष 2025-26 में विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार एवं विद्यालयी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों में शुक्रवार से चार दिवसीय तृतीय विशेष अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) की शुरुआत हुई। इस अवसर पर अभिभावकों की सक्रिय उपस्थिति में छात्र नामांकन, नियमित उपस्थिति, विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, पीएम-पोषण योजना का आच्छादन, परीक्षाओं की तैयारी तथा रेल परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर शिक्षकों ने अभिभावकों के साथ सकारात्मक और सार्थक संवाद किया। अभिभावकों की भूमिका अहम : विशेष पीटीएम के माध्यम से अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि बच्चों की पढ़ाई, नियमित उपस्थिति और समग्र विकास के लिए विद्यालय एवं अभिभावक मिलकर साझा जिम्मेदारी निभा सकें। इस प्रयास से राज्य में शिक्षा की गुणवत्ता को मजबूती मिलेगी। 960 चयनित विद्यालयों में 22 से होगा विशेष पीटीएम
तृतीय विशेष अभिभावक शिक्षक बैठक के पहले दिन चयनित 960 सरकारी विद्यालयों को छोड़कर अन्य सभी सरकारी विद्यालयों में नियमित पीटीएम आयोजित की गई। 22 से 24 दिसंबर तक विशेष पीटीएम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जन प्रतिनिधियों के अलावा जिलों के उपायुक्त समेत अन्य वरीय शिक्षा पदाधिकारी भी शामिल होंगे। विशेष पीटीएम राज्य के 960 चयनित सरकारी विद्यालयों (480 उच्च प्रदर्शन एवं 480 फोकस विद्यालय) एवं अन्य सभी सरकारी विद्यालयों में चार चरणों में आयोजित की जा रही है। चयनित उच्च प्रदर्शन व फोकस विद्यालयों में प्रति जिला 20-20 विद्यालय शामिल हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *