शॉर्ट एनकाउंटर:पिता बोले- दरिंदे के पैर नहीं, सीने में मारना थी गोली

गौहरगंज में 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी सलमान उर्फ नजर का गुरुवार देर रात शॉर्ट एनकाउंटर हो गया। भोपाल व रायसेन पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में रात 11:15 बजे उसे गांधीनगर से पकड़ा था। रात 2:30 बजे रायसेन पुलिस आरोपी को गौहरगंज ले जा रही थी। भोजपुर-गौहरगंज रोड पर कीरत नगर के पास रात 3:30 बजे गाड़ी पंक्चर हो गई। तभी एसआई श्यामराज सिंह के उतरते ही आरोपी ने उनकी कमर से पिस्टल छीनकर दो फायर किए। पीछे चल रहे वाहन के पुलिसकर्मियों ने जवाबी फायरिंग की, जिससे उसके पैर में गोली लगी और उसे पकड़ लिया गया। उसे पहले जेपी और फिर हमीदिया में भर्ती कराया। आईजी मिथलेश शुक्ला ने बताया कि आरोपी ने भागने की कोशिश में हमला किया था। परिजन बोले- फांसी से कम कुछ मंजूर नहीं सलमान के शॉर्ट एनकाउंटर की खबर उसके गांव पहुंची, तो पिता का कहना था- सलमान के पैर में नहीं, उसके सीने में गोली मारना चाहिए थी। बच्ची के नाना-नानी, बार-बार यही कहते रहे कि जिसने उनकी फूल-सी बच्ची को जीते-जी मौत दी, उसे किसी भी तरह की रियायत क्यों मिली? राजस्थान से आए मामा का कहना था- सलमान की फांसी से कम कुछ मंजूर नहीं।
परिजनों ने कहा कि सलमान सात दिन तक पुलिस से बचता रहा, इसलिए उसके मददगारों पर भी कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि आरोपियों के मकान भी तोड़े जाएं, ताकि कोई मासूम के साथ ऐसी वारदात की हिम्मत न करे। सलमान ने भोपाल में 3 दिन मजदूरी भी की पुलिस जांच में पता चला कि सलमान 22 नवंबर से भोपाल में छिपा था। हबीबगंज के 12 नंबर स्टॉप पर उसकी मौजूदगी की सूचना मिली, लेकिन सीसीटीवी और मोबाइल न होने से उसे ट्रेस नहीं किया जा सका। वह फुटपाथ पर रातें बिताता रहा। गुरुवार को रायसेन पुलिस को अयोध्या नगर में सूचना मिली। वह पैदल गांधीनगर पहुंचा तो स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया। गांधीनगर थाना ने पुष्टि कर रायसेन पुलिस को सूचना दी। सलमान ने पैसे खत्म होने पर 3 दिन मजदूरी भी की। भोपाल कोर्ट से पहुंचे मजिस्ट्रेट
आरोपी को गिरफ्तार करने के 24 घंटे के भीतर रायसेन जिला काेर्ट में पेश करना था। लेकिन शॉर्ट एनकाउंटर में घायल होने के कारण उसे हमीदिया में भर्ती कराया। रायसेन पुलिस ने भोपाल मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) कोर्ट में आवेदन दिया। इसके बाद सीजेएम ने प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट को हमीदिया अस्पताल भेजकर आरोपी की रिमांड प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया।
जेपी अस्पताल में हुआ मेडिकल : भोपाल गांधीनगर से सलमान को हिरासत में लेने के बाद रायसेन और भोपाल पुलिस उसे जेपी अस्पताल लेकर गई। मेडिकल के बाद रायसेन पुलिस उसे गौहरगंज ले जा रही थी। बड़ा सवाल: भोजपुर रोड से क्यों ले गए? सलमान को भोपाल से गौहरगंज लाने के लिए पुलिस ने एनएच-45 की बजाय कम ट्रैफिक वाली भोजपुर रोड चुनी। कीरतनगर टर्निंग के पास जहां एनकाउंटर हुआ, वहां दोनों ओर खेत हैं। एनकाउंटर स्थल पर लोहे के खंभे हैं। 5-6 फीट की दूरी से पैर में गोली मारना और मार्ग का चयन कई सवाल खड़े कर रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *