शॉर्ट सर्किट: गैस लीक, सिलेंडर फटा बंद दुकान का शटर टूटा, लगी आग

भास्कर न्यूज | कवर्धा शहर के लोहारा रोड पर स्थित अमृततुल्य चाय दुकान में बुधवार सुबह करीब 4 बजे अचानक आग लग गई। आग लगते ही दुकान में रखा गैस सिलेंडर फट गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग दहशत में आ गए। गनीमत रही कि घटना के वक्त दुकान बंद थी। अंदर कोई मौजूद नहीं था। इस कारण बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शी विजय साहू ने बताया कि सुबह दुकान से धुआं निकलता दिखा। अंदर आग लगने की आशंका पर दुकानदार को सूचना दी गई। लेकिन जब तक वह पहुंचा, तब तक आग पूरे दुकान में फैल चुकी थी। कुछ ही देर में दुकान में रखा सिलेंडर भी फट गया। धमाके से आसपास अफरा-तफरी मच गई। आशंका है कि दुकान में रखे सिलेंडर से गैस लीक हो रहा था। इससे दुकान में गैस भर गया। रात में कई बार बिजली बंद-चालू हो रही थी। इससे शार्ट-सर्किट हुआ और आग लग गई। दुकान में रखे सामान जले: आगजनी से दुकान में रखा फ्रिज, सिलेंडर, कच्चा सामान, टेबल-कुर्सियां और फर्नीचर सब जल गए। हालांकि, इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। लेकिन दुकानदार को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना कोतवाली थाने में दे दी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *