श्मशान में फायरिंग, महिला के सीने में लगी गोली:गुना में अंतिम संस्कार के समय झगड़ा; पहले हुए विवाद में एक की गई थी जान

गुना जिले के धरनावदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम खेजराचक में बुधवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बुजुर्ग महिला के अंतिम संस्कार के दौरान पारदी गुटों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर खूनी संघर्ष छिड़ गया। आरोप है कि रामपूजन पारदी गैंग के बदमाशों ने श्मशान घाट पर ही अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें एक महिला के सीने में गोली लगी है। गंभीर हालत में महिला को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। जानकारी के अनुसार खेजराचक निवासी झूमर बाई पारदी (70) का बुधवार सुबह बीमारी के कारण निधन हो गया था। दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच परिजन उनका अंतिम संस्कार करने के लिए श्मशान घाट पहुंचे थे। मुखाग्नि देने की तैयारी थी, हथियारों से हमला
पीड़ित परिवार की जानदू पारदी ने बताया कि जब शव को मुखाग्नि देने की तैयारी चल रही थी, तभी अचानक रामपूजन पारदी गैंग के 15-16 हथियारबंद हमलावरों ने गाली गलौच शुरू कर हमला कर दिया। उसने बताया कि हमलावरों ने 315 बोर की बंदूकों से फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलाबारी में मोरबाई पारदी (50) पति संग्राम सिंह के सीने में एक गोली जा धंसी, जिससे वह वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़ीं। अचानक हुए इस हमले से श्मशान में भगदड़ मच गई और अन्य परिजनों ने झाड़ियों व पत्थरों की ओट लेकर मुश्किल से अपनी जान बचाई। परिजनों का आरोप है कि इस हमले में रामपूजन पारदी के साथ ओम, कृष्णा, वीरेन्द्र, अंबर, राजवीर, युवराज और धनराज सहित अन्य लोग शामिल थे। पुरानी रंजिश और वर्चस्व की जंग
घटना के पीछे लंबे समय से चली आ रही आपसी रंजिश बताई जा रही है। गौरतलब है कि पिछले साल 8 सितंबर को भी इसी परिवार के खेरु पारदी (40) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस समय विवाद महज भैंसों के खेत में घुसने को लेकर शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते हत्या में बदल गया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपी पक्ष उन पर लगातार हमले कर रहा है और अब तक दो बार गांव में घुसकर फायरिंग कर चुका है। गांव और अस्पताल में पुलिस बल तैनात
महिला को गोली लगने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल गांव में पहुंचा। गंभीर रूप से घायल मोरबाई को निजी अस्पताल लाया गया, जहां उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों की टीम उपचार में जुटी है। अस्पताल परिसर और गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में खेजराचक और आसपास के जंगलों में सर्चिंग शुरू कर दी है। धरनावदा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है, लेकिन घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *