शहर से सटे मदार गांव के श्मशान में युवती को रहस्यमयी तरीके से जलाने के मामले का छठे दिन खुलासा हो गया। इस वारदात को बड़ी निवासी विनोद कुमार टांक ने अंजाम दिया। दरअसल, विनोद शादीशुदा है और दिल्ली निवासी ये युवती कॉल गर्ल थी। दोनों ही लिव इन रिलेशनशिप में बड़ी इलाके में रहते थे। युवती शादी और पैसे का दबाव बनाने लगी तो विनोद ने 11 फरवरी को सुबह बजे पहले तो उसकी गला दबाकर हत्या की, फिर दो घंटे तक उसके शव के पास ही बैठा रहा। बाद में 9 घंटे तक उसका शव लेकर कार में घूमता रहा और गूगल पर शव को ठिकाने लगाने के उपाय खोजता रहा। दोपहर 3 बजे कविता स्थित पंप से 3 लीटर पेट्रोल लिया। इसके बाद ठेके से शराब ली और कार में बैठकर पी। रात करीब 9:30 बजे वह मदार के पीछे वरड़ा गांव के वन क्षेत्र से होता हुआ मदार के श्मशान पर पहुंचा। यहां शव पर युवती के कपड़े, बैग और मोबाइल डालकर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी। फिर उसी रास्ते से घर पहुंचा और सो गया। बड़गांव थाना पुलिस ने विनोद को गिरफ्तार कर लिया है। पहले उसका शराब का ठेका था। अभी वह विला किराये पर देने का काम करता है। युवक शादीशुदा, युवती कॉलगर्ल, फिर भी उमड़ा प्रेम थानाधिकारी पूरण सिंह राजपुरोहित ने बताया कि विनोद करीब एक साल पहले वह दिल्ली में इस युवती से मिला था। दोनों में दोस्ती हुई। इसके बाद विनोद उसे उदयपुर ले आया और यहां बड़ी एरिया में किराये के रूम पर रखा। यहां दोनों लिव इन रिलेशनशिप में रहते थे। युवती ने 11 फरवरी को उसे फोन कर कहा कि वह उसके घर आ रही है। धमकी के बाद वह सुबह 9 बजे युवती के पास पहुंचा। यहां दोनों में एक घंटे तक विवाद हुआ। आवेश में आकर विनोद ने युवती काे गला दबाकर मार डाला। युवती के लापता होने की सूचना- गूगल हिस्ट्री से घिरा शनिवार को पुलिस को बड़ी से एक युवती के लापता होने की खबर मिली। जांच में पता चला कि वह यहां विनोद के साथ रह रही थी। रात में विनोद को गिरफ्त में लिया। पुलिस ने उसके मोबाइल की जांच की। गूगल की हिस्ट्री में सामने आया कि उसने शव ठिकाने लगाने के तरीकों के बारे में सर्च किया था। इनमें से ही आइडिया लेकर वह शव को कार में लेकर निकला था। सख्ती से पूछताछ पर हत्या करना कबूल किया। रविवार को युवती के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।


