श्यामबिहारी बोले- आतंकियों को घर में घुसकर मारा:कहा- ये तो अभी ट्रेलर, देश पर आंख उठाने वालों को मिट्टी में मिला दिया जाएगा

छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर भारतीय सेना का आभार व्यक्त किया है। जायसवाल ने कहा कि पाकिस्तान को ऐसा जवाब दिया है जिससे वो कभी भूल नहीं पाएंगे और फिर कभी भारत की तरफ आंख उठाकर देखने से पहले सौ बार सोचेंगे। पूरी दुनिया देख रही है कि भारत अपने दुश्मनों को कैसे जवाब देता है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि भारत की इस सैन्य कार्रवाई के नाम में ‘सिंदूर’ को जोड़ने का एक संदर्भ यह है कि भारतीय परंपरा में विवाहित महिलाएं अपनी मांग में सिंदूर लगाती हैं। इसे उनके सुहागन होने का एक प्रतीक माना जाता है। पहलगाम आतंकी हमले में कई लोगों को उनकी पत्नियों के सामने मार दिया गया था। उन्होंने कहा है कि पहलगाम आतंकी हमले के 15 दिन के अंदर ही भारत ने इसका बदला ले लिया है। भारतीय सेनाओं ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाकर पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों पर हमला किया। यहीं से भारत पर आतंकी हमलों की योजना बनाई गई थी और उन्हें अंजाम दिया गया था। हमें भारतीय सेना पर गर्व है। जायसवाल ने कहा कि भारतीय सेना ने आतंकियों को घेरकर खत्म किया है। भारत ने आधी रात को पाकिस्तान की सीमा में घुसकर कार्रवाई की। देश की तरफ आंख उठाएगा, उसे मिट्टी में मिला दिया जाएगा। जायसवाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यह सिर्फ एक ट्रेलर है। पाकिस्तान को समझ लेना चाहिए कि भारत से टकराने का क्या अंजाम होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *