भास्कर न्यूज | अमृतसर प्रताप बाजार संतोख सर स्थित शिव संतोषी माता मंदिर में वीरवार को गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव मनाया गया। मंदिर श्री लक्ष्मी नारायण सेवा दल ट्रस्ट की ओर से कराए गोवर्धन पूजन, अन्नकूट महोत्सव दौरान पंडितों ने पहले नवग्रह पूजन किया। इसके बाद गाय के गोबर से भगवान गोवर्धन जी की प्रतिमा बनाकर उनका शृंगार किया। पंडितों और मंदिर ट्रस्टी में मिलकर भगवान गोवर्धन जी को छप्पन भोग लगाए। इस मौके पर सुमित अग्रवाल और राधा माधव संकीर्तन मंडल के गायक जतिन ने ठाकुर जी का गुणगान किया। उन्होंने गणेश वंदना से भजनों का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने ‘मेरे गिरधर गोपाल तेरी लीला न्यारी’ और ‘श्याम तेरी बंसी पुकारे राधा नाम’ सहित कई भजन गाए। जिसे सुनकर भक्तजन मंत्रमुग्ध हो उठे। अंत में भंडारा भी लगाया गया। इस मौके पर गोस्वामी तुलसीदास मंदिर से डॉ. रवि, विनय मेहरा, नमक मंडी मंदिर से पुरुषोत्तम दास, धर्मेश गोस्वामी, राजेश कुमार समेत कई भक्तजन मौजूद रहे।


