जयपुर | विवेक विहार मेट्रो स्टेशन के नीचे अंडे का ठेला लगाने वाले से मारपीट करने वाली गैंग के मुख्य आरोपी सहित तीन जनों को श्याम नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी पीड़ित के पास में ही अंडे का ठेला लगाता है। जब उसकी दुकान नहीं चली तो उसने साथ में ठेला लगाने वाले व्यक्ति की अपने जानकार बदमाश को 20 हजार रुपए में सुपारी देकर हाथ-पैर तुड़वा दिए। इस मामले के खुलासे के लिए थाना स्पेशल के अजयपाल और पवन कुमार की अहम भूमिका रही है। थानाधिकारी दलबीर सिंह ने बताया कि पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए रामलाल (30) पुत्र गोटीलाल जोगी निवासी गांव खोरा पिदावली बयाना, उदयराज जोगी (25) पुत्र हुकम जोगी निवासी टोडाभीम, भूर सिंह मीणा (21) पुत्र मंगतराम निवासी टोडाभीम जिला करौली तीनों हाल निवासी साकेत कॉलोनी रामसिंहपुरा कानोता को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि भूर सिंह मीणा बदमाश किस्म का व्यक्ति है। जो करौली, धौलपुर, दौसा, भरतपुर के छात्रों से संपर्क में रहता है। ऐसे छात्र जो जयपुर में रहकर पढ़ाई कर रहे है। तथा सोशल मीडिया चलाते है, मॉर्डन लाइफ जीना चाहते है, उनसे सोशल मीडिया के मार्फत दोस्ती करता है तथा उनको एसयूवी गाडिया किराए पर लेकर मौज-मस्ती करवाता है। इस तरह से उसके संपर्क में युवक आते है। इसके बाद वह उन्हें इस तरह की वारदातों को अंजाम देने के लिए काम में लेता है। किराए पर ली स्कॉर्पियो से दिया वारदात को अंजाम भूर सिंह मीणा ने अपने दोस्तों के साथ मानसरोवर से स्कोर्पियो गाड़ी को किराए पर लेकर पीड़ित से मारपीट कर उसके हाथ-पैर तोड़कर मेहंदीपुर बालाजी भाग गए थे।


