कलेक्टर अर्पित वर्मा ने मंगलवार को जनसुनवाई करते हुए कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया। इस दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत हितग्राहियों को तत्काल लाभान्वित किया गया। जनसुनवाई में कुल 152 आवेदन प्राप्त हुए। ग्राम बड़ौदाराम निवासी कमली बाई को कल्याणी पेंशन योजना के तहत स्वीकृति आदेश मौके पर ही प्रदान किया गया। कमली बाई ने जनसुनवाई में बताया था कि उन्हें सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा है। सामाजिक न्याय विभाग के माध्यम से तत्काल कार्रवाई कर उन्हें प्रतिमाह 600 रुपए की पेंशन स्वीकृत की गई। कलेक्टर वर्मा ने मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना से संबंधित आवेदनों का भी मौके पर निराकरण किया। तीन हितग्राहियों को बताया गया कि योजना के तहत उनकी राशि स्वीकृत हो गई है। इनमें प्रेमपुरा निवासी मंजू बैरवा और जैदा निवासी बजरंगी बाई शामिल हैं, जिनके लिए दो-दो लाख रुपए की राशि का ईपीओ जारी किया गया है। इसी प्रकार, ग्राम बिलेड़ी निवासी धौड़ा बाई बैरवा के पति स्वर्गीय रघुवीर बैरवा की दुर्घटना में हुई मृत्यु पर अनुग्रह संबंधी आवेदन के परीक्षण उपरांत 4 लाख रुपए की राशि का ईपीओ जारी किया गया है।


