रविवार को आनंद ग्राम सोईकलां में आनंद उत्सव का आयोजन किया गया। इसमें 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों ने खेल गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। हनुमान ताल परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में पारंपरिक प्रतियोगिताएं हुईं। आयोजित प्रतियोगिताओं में मटका फोड़, पकड़म-पाटी, रस्सा खींच और भजन-गीत गायन शामिल थे। महिलाओं और पुरुषों ने इन सभी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। दोपहर करीब 12 बजे रस्सा खींच प्रतियोगिता शुरू हुई, जिसमें पुरुषों के मुकाबले में इतनी जोर-आजमाइश हुई कि रस्सी टूट गई। महिलाओं की रस्सा खींच प्रतियोगिता भी काफी रोचक रही। 28 तक होंगे कार्यक्रम यह आयोजन मध्य प्रदेश राज्य आनंद संस्थान द्वारा किया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोगों के मानसिक तनाव को कम करना और उनके जीवन में आनंद का संचार करना है। संस्थान द्वारा 14 से 28 जनवरी तक पूरे प्रदेश में आनंद उत्सव मनाया जा रहा है। आयोजकों ने बताया कि इस उत्सव का मुख्य उद्देश्य प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि सहभागिता है। कार्यक्रम में ग्राम सरपंच हरिसिंह मीणा, जिला संपर्क राजा खान, मास्टर ट्रेनर प्रदीप मुद्गल, प्रभारी सचिव दीपक बंसल, सहसचिव गोबिंद सिंह गौर, आकाश मीणा और शाहरुख खान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


