श्रद्धालुओं की बस पेड़ से टकराई, एक की मौत,14 गंभीर:अंबिकापुर-वाराणसी मार्ग में ट्रक की टक्कर के बाद हादसा, 54 घायलों का अंबिकापुर में इलाज, दो रेफर

अंबिकापुर-वाराणसी मार्ग में मंगलवार देर रात श्रद्धालुओं से भरी बस को ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर के बाद बेकाबू बस सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में पांच महिलाओं सहित 15 सवार घायल हो गए। घायलों को लटोरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। घायलों में एक महिला की मौत हो गई एवं दो गंभीर घायलों को रायपुर रेफर कर दिया गया है। हादसा सूरजपुर जिले के लटोरी चौकी क्षेत्र अंतर्गत गंगापुर में हुआ। रायगढ़ जिले के तमनार क्षेत्र से श्रद्धालु ग्रामीण बस में सवार होकर लोग वाराणसी गंगा स्नान करने एवं पूजा पाठ के लिए जा रहे थे। रायगढ़ से श्रद्धालुओं को लेकर निकली बस सुबह करीब 2.30 बजे अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर गंगापुर के पास पहंुची। बस को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। पेड़ से जा टकराई बस, मची अफरा-तफरी
ट्रक की टक्कर के बाद बस बेकाबू होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में बस में सवार सभी यात्रियों को चोटें आईं। वहीं 15 सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर लटोरी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल लटोरी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हादसे में गंभीर रूप से घायल 15 ग्रामीणों को प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल भेज दिया गया। यहां इलाज के दौरान कोईतमा बाई (50 वर्ष) निवासी लैलूंगा की मौत हो गई। हादसे में दो अन्य घायलों रमेश (50 वर्ष) एवं पुष्पा (40 वर्ष) को इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया है। पुष्पा के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। रमेश सिंह के सिर में चोट के कारण कान से खून निकल रहा है। 52 घायलों का अंबिकापुर में इलाज
मंगलवार सुबह लटोरी से शेष सभी घायलों को अंबिकापुर भेज दिया गया। गंभीर रूप से घायल सुरेश (40 वर्ष), धौजा (50 वर्ष), संतरा देवी (66 वर्ष), बरत राम (60 वर्ष), कांता राठिया (55 वर्ष), सुमित्रा (55 वर्ष), सुकांति पैंकरा (65 वर्ष), बंशी राम (55 वर्ष), अनुसुइया शर्मा (50 वर्ष), पवन (13 वर्ष), आनंद कुमार (40 वर्ष) का अंबिकापुर के आईसीयू में इलाज चल रहा है। सामान्य घायलों का वार्डों में इलाज किया जा रहा है। घायलों ने बताया कि जब हादसा हुआ, लगभग सभी श्रद्धालु सो रहे थे। बस पेड़ से टकराकर एकाएक रूकी। जब तक उन्हें कुछ समझ में आता, वे हादसे का शिकार हो गए थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *