भास्कर न्यूज|लुधियाना श्री आत्म वल्लभ जैन उपाश्रय पुराना बाजार में जल्द ही लिफ्ट लगाने का कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। ओसवाल फाउंडेशन ने जैन उपाश्रय में लिफ्ट लगाने का लाभ प्राप्त किया है। जानकारी देते हुए श्री आत्मानंद जैन सभा के कार्यकारी प्रधान गुलशन जैन गिरनार ने बताया कि श्री आत्म वल्लभ जैन उपाश्रय का मोहनदेई हाल (प्रवचन हाल) जन-जन की आस्था एवं आराधना का केंद्र है, लेकिन हाल पहली मंजिल पर होने के कारण बुजुर्ग श्रावक श्राविकाओं को सीढ़ियां चढ़ने उतरने में भारी असुविधा होती थी और कई बार उन्हें साधु साध्वियों के दर्शनों से भी वंचित रहना पड़ता है। तपस्या के दिनों में कमोबेश इसी स्थिति का सामना तपस्वी भाई बहनों को भी करना पड़ता है, इसलिए जैन उपाश्रय में लिफ्ट की बेहद जरूरत थी ताकि सभी को सुविधा मिल सके। गुलशन गिरनार ने बताया कि वर्तमान गच्छाधिपति शांतिदूत पदमश्री जैनाचार्य श्रीमद् विजय नित्यानंद सूरीश्वर जी महाराज साहिब के आशीर्वाद एवं प्रेरणा से गत दिनों मीटिंग में चर्चा के पश्चात ओसवाल फाउंडेशन को इस कार्य के लिए बिनती पत्र लिखा गया जिसके चेयरमैन जैन समाज के स्तम्भ प्रसिद्ध उद्योगपति जवाहर लाल ओसवाल ने तुरंत इसकी मंजूरी देकर लिफ्ट लगाने का लाभ ले लिया और बड़ी समाज सेवा का कार्य किया है। उन्होंने जवाहर लाल ओसवाल व फाउंडेशन के समस्त पदाधिकारियों का सभा की ओर से आभार प्रकट किया। कार्यकारी अध्यक्ष गिरनार ने बताया कि लिफ्ट का आर्डर देकर जैन उपाश्रय में निर्माण करवा शुरू करवा दिया गया है।


