भरनो | श्रम अधीक्षक पुनीत मिंज के नेतृत्व में उनकी टीम एवं भरनो पुलिस ने भरनो प्रखंड के डोम्बा गांव के एक घर से 11 वर्षीय किशोर को मुक्त कराया गया। उक्त किशोर को एक महिला द्वारा घर का काम(झाड़ू, पोछा) कराने के लिए रखा गया था। इसकी शिकायत मिलने पर श्रम अधीक्षक ने निरीक्षण किया। उक्त किशोर को मुक्त कराकर श्रम अधीक्षक पुनीत मिंज अपने साथ गुमला ले गए। साथ ही भरनो थाना में किशोर को काम कराने वाली महिला सुशीला कुमारी के विरुद्ध बालक एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) का उल्लंघन करने का केस दर्ज कराया। उक्त किशोर गुमला के कुरकुरा, तेतरटोली गांव का निवासी है। छापेमारी अभियान में भरनो थाना प्रभारी कंचन प्रजापति, श्रम विभाग से अमर कुमार, फूलमनी एक्का, रवि गुप्ता सहित अन्य कर्मी और पुलिस बल शामिल थे।


