गुमला | थाना क्षेत्र के धनगांव करम टोली गांव में बीते बुधवार को 55 वर्षीय व्यक्ति नान्हो खड़िया की कुदाल से काटकर राजेश उरांव ने हत्या कर दिया था। उसके गर्दन और चेहरा में कुदाल से कई बार प्रहार कर निर्मम हत्या कर दी थी। इसके बाद गुमला थाना की पुलिस गांव पहुंचकर राजेश को गिरफ्तार कर दिया। इसके बाद उसका सदर अस्पताल में इलाज चल रहा था। वहीं शुक्रवार की अपराह्न 4 बजे आरोपी को गुमला जेल भेज दिया गया। हत्या के आरोपी को ग्रामीणों ने जमकर पिटाई की थी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी कुदाल लेकर पूरे गांव में घूमने लगा। वही उसके सामने जो भी जाता उसे दौड़ा कर मारने का प्रयास करता। इसके बाद अपने घर में जाकर वह बंद हो गया था। गुमला | जिले के बिशुनपुर थाना क्षेत्र में एक आदिम जनजाति के युवक का शव आम के पेड़ पर लटका मिला है। मृतक की पहचान कुंजाम भट्टी पाट निवासी 25 वर्षीय दिनेश असुर के रूप में हुई है। वह आदिम जनजाति के लोटो असुर का पुत्र था। पुलिस ने शुक्रवार को शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया। इसके बाद पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं मृतक के भाई सुमन असुर ने बताया कि दिनेश हिंडाल्को द्वारा संचालित कुजाम माइंस में मजदूरी का काम करता था। घटना के दिन वह काम से लौटकर घर पर खाना खाया। इसके बाद परिजनों को बिना कुछ बताए कहीं चला गया। चरवाहों ने घर से करीब एक किलोमीटर दूर आम के पेड़ पर शव लटकता देखा। मृतक ने पिछले साल घाघरा टाना भगत कॉलेज से इंटर तक की पढ़ाई पूरी की थी। एसआई लायन टोपनो के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लगता है। हालांकि हत्या या आत्महत्या की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।


