श्रम शक्ति जागरूक होकर केंद्रीय योजनाओं से जुड़ें : आरके गोप

भास्कर न्यूज | राजनगर राष्ट्रीय श्रमिक शिक्षा एवं विकास बोर्ड (श्रम व रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार) क्षेत्रीय निदेशालय जमशेदपुर के तत्वावधान में राजनगर प्रखंड अंतर्गत गोमदेसाई में एक श्रमिक चौपाल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बोर्ड के प्रभारी क्षेत्रीय निदेशक राजकिशोर गोप उपस्थित थे। उन्होंने श्रमिकों को संबोधित करते हुए कहा कि अभी मंत्रालय के विशेष निर्देश पर इस प्रकार के श्रमिक चौपाल का आयोजन किया जा रहा है, जिसका मूल उद्देश्य कम समय में अधिक से अधिक श्रम शक्ति तक पहुंचकर केंद्र सरकार की सामाजिक सुरक्षा व कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी प्रदान करना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्र की श्रम शक्ति उन योजनाओं का समुचित लाभ उठाने के लिए अपना निबंधन करा सकें। अभी केंद्र सरकार देश के लोगों का एक हेल्थ डाटा बैंक का निर्माण कर रही है, जिसके तहत आयुष्मान भारत हेल्थ एकाउंट (आभा कार्ड) के तहत आम नागरिकों का पंजीकरण किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक व्यक्ति की स्वास्थ्य संबंधी जानकारी का आसानी से पता लगाया जा सके। अब तक देश में 79 करोड़ 86 लाख से अधिक लोगों का पंजीकरण सफलतापूर्वक किया जा चुका है। आगे गोप ने कहा कि श्रमिकों को केंद्रीय योजनाओं का लाभ उठाने के लिए ई-श्रम कार्ड बनवाना जरूरी है। इसके बिना श्रमिकों को किसी प्रकार का कोई लाभ नहीं दिया जाएगा। अब तक श्रम व रोजगार मंत्रालय के अधीन 30,98,22,873 श्रमिकों का पंजीकरण किया जा चुका है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में जागरूकता की कमी के कारण श्रम जगत के लोग सरकारी योजनाओं से वंचित हैं। इस प्रकार के कार्यक्रम उसी दिशा में एक पहल है। इस कार्यक्रम में श्रमिकों को केन्द्रीय योजनाओं से संबंधित बुकलेट प्रदान किया गया। इस कार्यक्रम में 40 श्रमिकों ने भाग लिया। इस अवसर पर राजनगर ग्राम पंचायत की मुखिया राजो टुडू भी मौजूद थीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में बोर्ड के कार्यक्रम समन्वयक संतोष कुमार महतो का विशेष योगदान रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *