श्रीगंगानगर जिले की रामसिंहपुर और श्रीविजयनगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए व्यापारी से 2 करोड़ की फिरौती मांगने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना का मास्टरमाइंड एक फौजी है जो छुट्टी लेकर वारदात करने श्रीगंगानगर आया था। आरोपी लूट के मोबाइल फोन से व्यापारी को बार-बार धमकियां दे रहे थे।
एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया- 28 जनवरी को श्रीविजयनगर थाना क्षेत्र के एक व्यापारी को फोन पर धमकी भरा कॉल आया। फोन करने वाले ने 2 करोड़ रुपए की मांग की और बेटे की जान को खतरा बताया। व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। 31 जनवरी को रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति का मोबाइल लूट लिया गया। पुलिस ने दोनों घटनाओं को गंभीरता से लिया और सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज तथा मुखबिरों की सूचनाओं के आधार पर जांच शुरू की। इस दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इन्वेस्टिगेशन में सामने आया कि आरोपी बार-बार मोबाइल फोन लूटकर नए-नए नंबरों से धमकियां दे रहे थे, ताकि ट्रेस न हो सकें। पकड़े गए आरोपियों की पहचान दिलप्रीत सिंह (18), निवासी 47 जीबी, रामसिंहपुर (श्रीगंगानगर) व गुरलाल सिंह उर्फ लाली (33), निवासी तरनतारन (पंजाब) के रुप में हुई है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि वारदात का मास्टरमाइंड आरोपी गुरलाल सिंह एक फौजी है, जो जम्मू-कश्मीर में तैनात है। वह चार-पांच दिन पहले छुट्टी लेकर दिलप्रीत सिंह के पास आया और 2 करोड़ की फिरौती की पूरी प्लानिंग रची। आरोपियों ने 28 जनवरी को रावला-खाजूवाला रोड पर औमप्रकाश का मोबाइल लूटा और उसी से व्यापारी को धमकी दी। 30 जनवरी को सूरतगढ़-अनूपगढ़ रोड पर ढाबे से फोन लूटकर धमकी दी गई। 31 जनवरी को करनैल सिंह का फोन लूटा गया। 1 फरवरी को चन्दूराम का फोन लूटकर फिर से व्यापरी को धमकी दी। फौजी ने लूटे फोन से ही कॉल करके फिरौती की मांग की। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।


