श्रीगंगानगर जिले में एक बार फिर से मौसम बदल गया है। बारिश और घने कोहरे के बाद आज मौसम ड्राई बना हुआ है और धूप निकली है। साथ ही ठंडी हवाएं चल रही है।अगले दो दिन तक जिलेभर में ऐसा ही मौसम बना रहने की संभावना है। 31 जनवरी को जिले में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम राडार स्टेशन, श्रीगंगानगर पर गुरुवार सुबह न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री रिकार्ड किया गया। बुधवार को यहां न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री और अधिकतम तापमान 20.1 डिग्री रिकार्ड किया गया। वहीं, मंगलवार को यहां न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री और अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री रिकार्ड किया गया था। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार राजस्थान के पश्चिमी भागों में मौसम ड्राई बना हुआ है जिसके कारण ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग ने 30 जनवरी को जिले में घने कोहरे का अलर्ट भी जारी किया है। मौसम ड्राई बना रहने से सरसों की फसल को नुकसान की आशंका है। जिससे उत्पादन कम होगा।


