उत्तरी भारत में एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस श्रीगंगानगर के मौसम पर भी असर डाल रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में जहां धूप निकलने से तापमान बढ़ा है? वहीं श्रीगंगानगर जिला रविवार को भी तेज सर्दी की चपेट में रहा। हालांकि न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस है, लेकिन तेज सर्दी के असर से आवाजाही काफी कम है। सुबह 10 बजे तक रहता है कोहरा
जिले के अधिकांश हिस्सों में देर रात शुरू होने वाले कोहरे का असर सुबह करीब 10 बजे के बाद तक रहता है। ऐसे में दैनिक कामकाज प्रभावित हो रहा है। सुबह सड़कों पर आवाजाही काफी देरी से शुरू होती है वहीं बेहद जरूरी कामकाम से घरों से निकलने वालों का सर्दी से बुरा हाल रहता है। रविवार अलसुबह सड़कों पर निकले लोग कोहरे की चादर को चीरते हुए नजर आए। कम विजिबिलिटी के कारण सुबह वाहन भी लगभग रेंगते हुए चले। बसों-ट्रेनों में घटे यात्री
सर्दी के कारण अब लोग यात्रा के लिए सुबह 10 बजे के बाद की बसों और ट्रेनों को महत्व दे रहे हैं। रविवार को सुबह की बसों में यात्रियों की संख्या कम रही। यही स्थिति जिले से रवाना होने वाली ट्रेनों की भी है। देर रात और अलसुबह लोग अलावा जलाकर सर्दी से निजात पा रहे हैं। तेज होगा सर्दी का असर
मौसम एक्सपर्ट्स के अनुसार अगले 24 घंटे में सर्दी का असर तेज रहेगा। इस दौरान तापमान में कमी आएगी। कुछ इलाकों में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से बूंदाबांदी भी हो सकती है।


