राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (आरएसएसबी) की रीट मेंस 2025-26 परीक्षा आज (शनिवार) को शुरू हो गई है। यह परीक्षा 17 से 20 जनवरी तक सात पारियों में आयोजित की जा रही है। हजारों युवा शिक्षक बनने के सपने को साकार करने के लिए एग्जाम सेंटरों पर पहुंच चुके हैं। श्रीगंगानगर जिले में 46 परीक्षा केंद्रों पर 57,136 कैंडिडेट्स रजिस्टर्ड हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुबह 8 से 9 बजे तक एंट्री दी गई। 9 बजते ही गेट बंद कर दिए गए। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कैंडिडेट्स की जांच के बाद ही अंदर जाने दिया गया। मेल कैंडिडेट्स के मफलर, टोपी व महिलाओं के शाल, दुप्पटे परीक्षा केंद्रों के बाहर ही उतरवाए गए। परीक्षा को नकल मुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए 7 उड़नदस्ते टीमों को तैनात किया गया है। 42 उप-समन्वयक और 91 पर्यवेक्षक नजर रख रहे हैं। 3500 से ज्यादा अधिकारी-कर्मचारी ड्यूटी पर हैं। केंद्रों के बाहर कैंडिडेट्स के साथ आए परिजन कॉलेज परिसरों और पार्कों में धूप सेकते नजर आए।


