भास्कर न्यूज | जशपुरनगर नवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर पड़ोसी रायगढ़ जिले के केशला में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव का 29 सितंबर को भव्य समापन हुआ। यह सात दिवसीय आयोजन 23 सितंबर से चल रहा था, जिसने केशला के वातावरण को पूरी तरह भक्ति और आध्यात्मिकता से परिपूर्ण कर दिया। इस कथा महोत्सव का वाचन वृंदावन के प्रसिद्ध कथा वाचक आयुष कृष्णा जी महाराज ने किया। उनके मधुर और ज्ञानवर्धक प्रवचनों को सुनने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु केशला पहुंचते रहे और भक्ति रस का आनंद लिया। कथा के दौरान भक्ति गीतों और भजनों की गूंज से माहौल पूर्णतया भक्तिमय रहा। आयोजकों ने कथा स्थल को आकर्षक रूप से सजाया था, जिससे श्रद्धालुओं को दिव्य और आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त हुआ। कथा के साथ-साथ प्रतिदिन सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिन्होंने उत्साह को चरम पर पहुंचा दिया। कार्यक्रम के सप्तम दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पत्नी कौशल्या साय विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने महाआरती में हिस्सा लिया और अन्य श्रद्धालुओं के साथ बैठकर भक्ति रस का आनंद लिया। कथा महोत्सव के समापन के बाद 2 अक्टूबर को पूर्णाहुति और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस भंडारे में हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे। इस आयोजन ने नवरात्रि पर्व को और अधिक पावन, धार्मिक तथा सामाजिक एकता का प्रतीक बना दिया है।


