भास्कर न्यूज | लुधियाना ढाबा लोहारा रोड स्थित गुरु नानक नगर गली नंबर 1 में बुधवार से श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। आध्यात्मिक चेतना जगाने के उद्देश्य से आयोजित यह धार्मिक अनुष्ठान 11 फरवरी तक चलेगा। कार्यक्रम के मुख्य यजमान दिनेश कुमार एवं पूनम देवी ने बताया कि कथा का वाचन प्रख्यात कथा व्यास पं. अवधेश पांडेय द्वारा किया जाएगा। कथा का समय प्रतिदिन सांय 5 बजे से रात्रि 8 बजे तक निर्धारित किया गया है। आयोजन की शुरुआत आज दोपहर 4 बजे कलश पूजन के साथ होगी। इसके पश्चात कथा के विभिन्न दिनों में भगवान जन्मोत्सव, रुक्मणी विवाह और सुदामा मिलन जैसे प्रसंगों का सजीव वर्णन किया जाएगा। 12 फरवरी को दोपहर 1 बजे पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे के साथ आयोजन का समापन होगा।


