भास्कर न्यूज | जालंधर श्री सनातन धर्म मंदिर प्रीत नगर में भक्तों की ओर से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन श्रद्धापूर्वक किया गया। इस अवसर पर विद्वानों ने विधिवत पूजन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। कथा वाचक पंडित वेंकटेश महाराज ने कहा कि जब व्यक्ति विद्वान, गुणवान और सद्गुणों से युक्त लोगों के संपर्क में आता है, तो उसके भीतर भी अच्छे गुणों का विकास होने लगता है। उसके सभी दुर्गुण धीरे-धीरे दूर हो जाते हैं और वह सद्गुणों को अपनाने लगता है। उन्होंने कहा कि इससे व्यक्ति के जीवन में सुख और शांति की प्राप्ति होती है। सत्संगति के कारण मनुष्य के भीतर साहस और धैर्य का संचार होता है तथा उसके जीवन में ज्ञान की वृद्धि होती है। कथा के उपरांत आरती की गई, जिसके बाद सभी भक्तों में प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर हनी बंसल, वरिंदर कुमार, प्रभा गुप्ता, अभिषेक गुप्ता, बिंदू अग्रवाल, पूनम गुप्ता, वेदिका गुप्ता, अर्जुन गुप्ता सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।


