भास्कर न्यूज | देवरी-चांपा ग्राम पंचायत सोनियापाठ के सोनियापठहीन दाई मंदिर परिसर में आयोजित श्रीमद् भागवत महापुराण कथा के सातवें दिवस पर भक्तों को महारास लीला, उद्धव प्रसंग और रूकमणि विवाह की प्रेरणादायक कथा सुनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। कथा वाचक पंडित कृष्णा तिवारी (तागा वाले) ने भक्तों को भगवान श्रीकृष्ण और देवी रूकमणि के विवाह प्रसंग का महत्व समझाया और उन्हें आध्यात्मिक जीवन में प्रेम, भक्ति और समर्पण का संदेश दिया। इस पावन अवसर पर श्रीकृष्ण और रूकमणि की भव्य झांकी निकाली गई, जिसे देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। विवाह उत्सव की तरह आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विवाह मंडप में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह संपन्न हुआ। भक्तों ने पचहर (अक्षत, फल-फूल, नारियल आदि) अर्पित कर इस मांगलिक कार्यक्रम में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। विवाह की रस्मों को सजीव रूप देने के लिए कन्यादान की भी परंपरा निभाई गई, जिससे आयोजन और अधिक भव्य एवं श्रद्धापूर्ण बन गया। इस धार्मिक आयोजन के दौरान कथा के प्रत्येक दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। उन्होंने कथा के माध्यम से धर्म, भक्ति और सदाचार की सीख ली।


