मेवाड़ के कृष्णधाम श्री सांवलियाजी मंदिर में चतुर्दशी को खोले गए भगवान के भंडार से निकली दान राशि की गणना का तीसरा राउंड मंगलवार को पूरा हुआ। इस राउंड के पूरा होने के बाद मंदिर को इस महीने अब तक कुल 22 करोड़ 22 लाख 50 हजार रुपए की दान राशि प्राप्त हो चुकी है। हालांकि मंदिर प्रशासन के अनुसार अभी भी बड़ी मात्रा में नोटों और चिल्लर की गिनती बाकी है, वहीं सोने-चांदी के गहनों का तौल और ऑनलाइन दान राशि की डिटेल आना भी बाकी है। ऐसे में आखिरी आंकड़ा इससे कहीं ज्यादा होने की संभावना जताई जा रही है। तीसरे चरण में 6.43 करोड़ की गिनती मंगलवार सुबह राजभोग आरती के समय भंडार की गणना की शुरुआत की गई। यह काउंटिंग मंदिर मंडल अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव की उपस्थिति में शुरू हुई। तीसरे चरण में कुल 6 करोड़ 43 लाख 25 हजार रुपए की गिनती की गई। इससे पहले हुए दो चरणों में 15 करोड़ 79 लाख 25 हजार रुपए की गिनती की जा चुकी थी। मंदिर प्रशासन ने बताया कि गणना का कार्य पूरी पारदर्शिता और निर्धारित नियमों के अनुसार किया जा रहा है, ताकि दान राशि का सही और स्पष्ट विवरण सामने आ सके। मंदिर मंडल और प्रशासन रहा मौजूद भंडार की गणना के दौरान मंदिर मंडल सदस्य पवन तिवारी, किशन लाल अहीर, हरिराम गाडरी, रामलाल गुर्जर सहित कई सदस्य मौजूद रहे। इसके साथ ही प्रशासनिक अधिकारी प्रथम शिव शंकर पारीक और प्रशासनिक अधिकारी द्वितीय राजेंद्र सिंह की मौजूदगी में यह प्रक्रिया पूरी की गई। भंडार गणना में मंदिर और संपदा प्रभारी भेरू गिरी गोस्वामी, सुरक्षा प्रभारी गुलाब सिंह, वरिष्ठ निरीक्षक कालूलाल तेली, गौशाला प्रभारी गंगाराम गुर्जर, स्टोर प्रभारी मनोहर लाल शर्मा सहित मंदिर प्रशासन और विभिन्न बैंकों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी शामिल रहे। सभी की निगरानी में दान राशि की गिनती की गई। भगवान का आकर्षक श्रृंगार बना श्रद्धा का केंद्र इधर मंगलवार को मंदिर में भगवान श्री सांवलियाजी का विशेष और आकर्षक श्रृंगार भी किया गया। ओसरा पुजारी चुन्नी दास और मुकेश वैष्णव ने भगवान की प्रतिमा को गंगाजल से स्नान करवाया। इसके बाद भाल पर केसर और चंदन का तिलक लगाया गया तथा गुलाब की सुंदर माला धारण करवाई गई। बुधवार को होगा चौथा चरण, बढ़ेगी राशि मंदिर प्रशासन ने बताया कि भंडार से मिले शेष दान राशि की काउंटिंग बुधवार 21 जनवरी को चौथे चरण में की जाएगी। अभी बड़ी मात्रा में चिल्लर, नोट और गहनों का तौल बाकी है, साथ ही ऑनलाइन दान का पूरी डिटेल भी जोड़ी जाएगी। ऐसे में आने वाले समय में कुल दान राशि में और बढ़ोतरी होना तय माना जा रहा है।


